
Deoghar: देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के रायडीह बहियार के एक कुआं से पुलिस ने रविवार को रहस्यमय परिस्थिती में एक नव विवाहिता की शव को बरामद कर अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया है।

घटना को लेकर बिहार के जमुई जिला अंतर्गत सोनो थाना के फरक्का कहरडीह गांव निवासी मंटू कुमार राम ने बताया कि बीते 16 जून 2022 को उसकी बहन 19 वर्षीय खुशबू देवी की शादी घोरलास गांव निवासी कृष्णा राम के साथ हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद से ही सास सुनीता देवी और परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा मिलकर बेवजह शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

बताया कि बीते शुक्रवार को शादी की सालगीरह होने के उपलक्ष्य पर परिवार में खुशी मनाते हुए भोजन का आयोजन किया गया था। देर रात तक अतिथियों के स्वागत में लगे रहने के कारण शनिवार की सुबह करीब आठ बजे सो कर उठी। जिसे लेकर सास ने नवविवाहिता को डांट फटकार किया था। जिससे गुस्से में आकर वह सुबह को ही अपने घर से निकल गई। काफी देर तक आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन किए जाने पर किसी प्रकार की जानकारी नहीं मिलने पर ससुराल वालों ने घटना की जानकारी मायके वालों को दी गई। स्वजनों की ओर से खोजबीन करने के क्रम में रविवार की सुबह रायडीह बहियार के एक सिंचाई कूप में शव देखकर घटना की जानकारी जसीडीह थाना को दी गई।
सूचना के आधार पर जसीडीह थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार एस आई अविनाश कुमार, जिशान अख्तर सुनील चौधरी, अनिता सोय, विकास कुमार एएसआई मुकेश सिंह समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर कर शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया है।
घटना को लेकर इंस्पेक्टर ने बताया कि महिला की संदिग्ध अवस्था में मौत को लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर विस्तार पूर्वक जानकारी मिल पाएगी। पीड़िता के स्वजन की ओर से लिखित आवेदन नहीं दी गई है। घटना को लेकर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ससुर को पूछताछ के लिए कब्जे में लिया गया है। जबकि परिवार का सभी सदस्य घर छोड़ कर फरार हो गया है।


