Deoghar: देवघर जिला के मधुपुर थाना क्षेत्र के मधुपुर – देवघर मार्ग पर मोहनपुर गांव के समीप सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के सम्बन्ध में बताया जाता है कि एक तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने करीब 56 वर्षीय मज़दूर रहमान अंसारी को जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे साइकिल सवार मजदूर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मृतक व्यक्ति देवीपुर जीतपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। मृतक लॉ ओपाला फैक्ट्री में काम करता था। रात्रि ड्यूटी करने के बाद सुबह साइकिल से अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने धक्का मार दिया।घटना के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर लेकर फरार भी हो गया।
इधर घटना की सूचना के बाद काफी संख्या में ग्रामीण वहां जमा हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। वहीं पुलिस ने घटना में संलिप्त ट्रैक्टर की पहचान कर लिया है। दूसरी ओर प्रखंड विकास पदाधिकारी राजीव कुमार सिंह ने मृतक मजदूर के आश्रितों को समुचित सरकारी कल्याणकारी योजना का लाभ दिलाने की बात कही। इधर लॉ ओपाला कारखाना के पीआरओ हेमंत नारायण सिंह ने कहा कि मृतक मजदूर रहमान अंसारी को कारखाना प्रबंधन द्वारा पीएफ, बीमा आदि राशि आश्रितों को दिलाया जाएगा। सरकारी प्रावधान के अनुसार मजदूर के आश्रितों को कारखाना द्वारा समुचित सहायता दिलाई जाएगी। मजदूर यूनियन ने मृतक के पुत्र को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की मांग की है।