
Kodarma (Jharkhand) News: कोडरमा गया रेलखंड स्थित कोडरमा स्टेशन (Kodarma Station located in Koderma Gaya Railway Division) पर गुरुवार की सुबह करीब 8 :10 बजे धनबाद- देहरी ऑन सोन इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से महिला और युवक की मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार ट्रेन धनबाद की तरफ से कोडरमा स्टेशन पर पहुंची और ट्रेन की स्पीड कम हो रही थी। इस दौरान ट्रेन में सवार महिला चलती ट्रेन से नीचे उतर गई।

इसके बाद महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच में चली गई। महिला को गिरता देख ट्रेन पर सवार युवक भी महिला को बचाने के लिए चलती ट्रेन से उतर गया। इस दौरान वह भी ट्रेन की चपेट में आ गया।

घटना में युवक और महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची रेलवे सुरक्षा बल कोडरमा की टीम ने दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया।
घायल युवक के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के हीरोडीह निवासी 26 वर्षीय दिनेश कुमार (पिता सुभाष चंद्र यादव) के रूप में हुई है। वहीं सदर अस्पताल कोडरमा में इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल महिला चतरा निवासी ममता देवी ( 34 ) की मौत हो गई।
जबकि गंभीर रूप से घायल युवक की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। इसकी सूचना कोडरमा पुलिस को दी गयी जिसके बाद शवों का अंत्यपरीक्षण कराया गया। (HS)


