
Ranchi : देवघर डीसी मंजूनाथ भजंत्री शुक्रवार को रांची सिविल कोर्ट पहुंचे। इस दौरान डीसी मंजूनाथ भजंत्री एसीबी की विशेष अदालत में हाजिर हुए। उन्होंने कोर्ट में खूंटी जिले से जुड़े ग्रामीण विकास विभाग में हुए टेंडर में कमीशन से जुड़े मामले में गवाही दर्ज करायी।

दरअसल, मंजूनाथ भजंत्री ने ही यह केस खूंटी के तत्कालीन डीडीसी रहते हुए दर्ज करवाया था। देवघर डीसी ने अपनी गवाही में अदालत को बताया कि ठेकेदारों की शिकायत के बाद उन्होंने वर्ष 2014 में कार्यपालक अभियंता शैलेंद्र मंडल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवायी थी। ग्रामीण विकास विभाग द्वारा AV इंटरप्राइजेज को आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण के लिए टेंडर दिया गया था। भवन का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद संवेदक कंपनी ने विभाग को हैंड ओवर कर दिया। इसके बावजूद ग्रामीण विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता ने बकाया राशि का भुगतान नहीं किया। बकाया राशि के भुगतान के लिए 26 जून 2014 को लिखित आवेदन दिया गया। जिस पर कार्यपालक अभियंता ने 20 प्रतिशत रिश्वत की मांग की।

इस मामले को लेकर 20 सदस्य सवेदकों की कमेटी ने 23 सितंबर 2014 को तत्कालीन उप विकास आयुक्त से शिकायत की थी।


