
Deoghar: इश्क की जाल में फंसाकर युवती का तीन साल तक यौन शोषण करने और दो बार दवा खिलाकर गर्भपात करने के मामले में पुलिस ने जुगल रजक नामक युवक को गिरफ्तार किया है। जब युवती अपनी बहन के साथ आरोपी के घर देवघर जिले के मधुपुर साप्तर गांव पहुंची तो उसके घर वालों ने उनसे मारपीट कर भगा दिया। घटना के बाद पांच दिनों तक युवती न्याय के लिए इधर-उधर भटकती रही। अंत में वरीय पुलिस पदाधिकारी के आदेश पर मधुपुर महिला थाना ने मामला दर्ज किया ।
दिल्ली में हुआ इश्क, शादी का वादा कर करता रहा शोषण

पुलिस ने बताया कि झारखंड के सिमडेगा जिला के कोलेबिरा की रहने वाली एक 27 वर्षीय युवती को मधुपुर के साप्तर गांव निवासी युवक से दिल्ली में इश्क हो गया। आरोप है कि युवक द्वारा शादी का प्रलोभन देकर तीन साल तक यौन शोषण किया । इस दौरान वह दो बार गर्भवती हुई तो युवक ने उसका गर्भपात करा दिया। पीड़िता अपनी बड़ी बहन और सहेली के साथ गत 3 मई को मधुपुर के साप्तर गांव स्थित युवक के घर गई तो उसके भाई और परिजनों ने मारपीट कर युवती के साथ दुर्व्यवहार किया।
दिल्ली में खाना बनाने का काम करती है युवती

महिला थाना मधुपुर में घटना की शिकायत करने पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली में खाना बनाने की काम करती है । जिस फ्लैट में वह काम करती है उसी के नीचे मधुपुर थाना क्षेत्र के साप्तर गांव निवासी युवक जुगल रजक काम करता था। युवक से उसका मधुर संबंध हो गया। धीरे-धीरे दोनों मिलने लगे। इसके बाद युवक ने युवती को शादी का प्रलोभन देकर पिछले तीन साल तक यौन शोषण किया । इस बीच युवती दो बार गर्भवती हुई । आरोपी युवक ने जबरन दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया । युवती ने जब शादी की बात युवक से की तो वह इंकार कर दिया गया। युवती का मोबाइल नंबर भी ब्लैक लिस्ट में डाल दिया।
इधर डेढ़ माह पूर्व पीड़िता को पता चला कि उसका प्रेमी युवक शादी करने वाला है। जिसके बाद युवती युवक के घर पहुंची। लेकिन, वहां उसके साथ मारपीट कर उसे भगा दिया गया।



