
Deoghar: देवघर जिला के कुंडा थाना पुलिस ने रविवार को टोटो पर बैठा कर यात्री से छिनतई करने वाले तीन बदमाश को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया। जेल गए आरोपियों में दशरथ यादव उर्फ डीके, नितेश कुमार उर्फ कारू राउत साकिन दोनीहारी, आशीष कुमार यादव कुसुमडीह सभी कुंडा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

बताया जाता है कि दशरथ यादव उर्फ डीके पूर्व में कुंडा थाना कांड संख्या 67/17,123/20, जसीडीह थाना कांड संख्या 328/21 और नगर थाना कांड संख्या 892/15 का भी आरोपी रहा है। बताते चलें कि 4 मई को कुंडा थाना में छिनतई का मामला दर्ज किया गया था।

यह मामला भागलपुर जिला के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कमालचक पुरैनी निवासी इशारुल अंसारी ने दर्ज कराया था। मामले में कहा था कि वह कुंडा स्थित एक कपड़ा मिल में सिलाई और बुनाई का काम करता है। 04 मई को काम से लौटकर दवा लाने टावर चौक जाने के लिए पांडे मोड़ के पास एक टोटो पर बैठा। टोटो पर पहले से चार युवक बैठे थे। टोटो चालक ने कुंडा मोड़ से पहले ही बांस गली में अपनी टोटो को लेकर चला गया। कुछ दूर जाने के बाद टोटो पर सवार सभी बदमाशों ने उसके साथ मारपीट कर पॉकेट से दो हजार नकद और मोबाइल की छिनतई कर फरार हो गए।
जब वह कुंडा मोड़ पहुंचा और टोटो चालक का नाम पता किया तो बताया गया कि उसका नाम दशरथ यादव है। मामला दर्ज करने के बाद कुंडा पुलिस सक्रिय हो गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए छापामारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


