
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के कालीबाड़ी सिंघवा मोहल्ला स्थित एक बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने 12 हजार नकद व एक लाख के जेवरात की चोरी कर ली। इसे लेकर अभिषेक कुमार झा ने आवेदन देकर नगर थाना में शिकायत किया है। कहा है कि उसके पिता कुमोद कुमार सेना में पोस्टेड हैं। वह अपनी मां के साथ उक्त मकान में रहता है। 02 मई को उसका जनउ कार्यक्रम पैतृक गांव भागलपुर में था।

मां के साथ देवघर स्थित घर में ताला लगाकर भागलपुर चला गया था। 05 मई को पड़ोसी के द्वारा फोन पर जानकारी दी गयी की उसके घर का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही वह परिजनों के साथ कालीबाड़ी सिंघवा स्थित घर पहुंचा तो देखा की घर का ताला टूटा पड़ा है।

जब घर के अंदर कमरे में गया तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरी हुए सामानों में 12 हजार रूपये कैश, एक मोबाइल, दो कान की बाली, एक सोने का चेन, तीन अंगूठी, चांदी का सिक्का तथा 04 सोने का नथिया शामिल हैं। आवेदन लेकर नगर पुलिस जांच में जुट गयी है।


