
Ranchi: देवघर में बाबा मंदिर के निकट क्यू कॉम्प्लेक्स के फेज दो का निर्माण को जल्द कराने को लेकर गोड्डा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे की जनहित याचिका की सुनवाई शुक्रवार को झारखंड हाईकोर्ट में हुई। हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस संजय कुमार मिश्र की अध्यक्षता वाली खंडपीठ में मामले की सुनवाई हुई। मामले में कोर्ट ने राज्य सरकार से जानना चाहा कि नवयुग कंपनी लिमिटेड के द्वारा सीएसआर के तहत क्यू कांप्लेक्स के द्वितीय फेज के निर्माण के लिए 120 करोड़ देने के आग्रह पर क्या निर्णय लिया गया ?

इस पर राज्य सरकार की ओर से जवाब दाखिल करने के लिए कोर्ट से समय की मांग की गई। कोर्ट ने मामले की सुनवाई 18 मई निर्धारित की। प्रार्थी की ओर से अधिवक्ता पार्थ जालान एवं शिवानी जालुका ने पैरवी की।

दरअसल, पिछली सुनवाई के दौरान प्रार्थी की ओर से बताया गया था कि नवयुग कंपनी को राज्य सरकार की ओर से एक चिट्ठी भेजा गया है जिसमें बताया गया है कि उनके द्वारा जो प्रस्ताव दिया गया उसे मंत्रिपरिषद के पास भेज दिया गया है।
बता दें कि सांसद निशिकांत दुबे द्वारा दाखिल जनहित याचिका कहा गया है कि बाबा बैजनाथ मंदिर, देवघर के लिए क्यू कांप्लेक्स के दूसरे फेज का निर्माण कार्य चल रहा है।.ल इसमें केंद्र सरकार की ओर से अपने अंशदान के रूप में 25 करोड़ रुपए की राशि दे दी गई है, लेकिन राज्य सरकार की ओर से भी अपने हिस्से का फंड उपलब्ध नहीं कराया गया है। नवयुग कंपनी लिमिटेड ने सीएसआर स्कीम के तहत क्यू कांप्लेक्स के द्वितीय फेज के निर्माण के लिए अपने स्तर से 120 करोड़ देने को लेकर सरकार को पत्र लिखा है।
नवयुग कंपनी के इस पत्र राज्य सरकार ने निर्णय नहीं लिया है। याचिका में यह भी कहा गया है कि देवघर में बाबा मंदिर के निकट क्यू कांप्लेक्स का निर्माण 3 फेज में किया जा रहा है। वर्ष 2011 में इसकी स्वीकृति दी गई थी। क्यू कांप्लेक्स के पहले फेज का निर्माण पूरा हो चुका है। अब द्वितीय फेज का निर्माण कार्य पूरा होना है। देवघर बाबा मंदिर में दर्शन करने हर साल लाखों श्रद्धालु आते हैं। क्यू कांप्लेक्स बनने से श्रद्धालुओं को काफी राहत होगी। जन भावना को देखते हुए इसका निर्माण कार्य जल्द किया जाना चाहिए। सावन के माह में क्यू कांप्लेक्स के बन जाने से लोगों की समस्या कम होगी।



