
Deoghar: नगर थाना क्षेत्र के अंड्डा पट्टी में 11 फरवरी की रात हुए गोलीबारी में मछली कारोबारी सुधाकर सुमन झा के दो सरकारी अंगरक्षक के मौत मामले की जांच करने शुक्रवार को सीआइडी टीम देवघर पहुंची।

रांची से आई सीआइडी एसपी संध्या रानी मेहता, डीएसपी सीआइडी दुमका संदीप गुप्ता व उनकी टीम शुक्रवार को सबसे पहले आरोपित पप्पू सिंह के घर पहुंची। जहां एसपी ने आरोपित के घरवालों से पूछताछ किया। इस दौरान सीआइडी टीम ने तत्कालीन अनुसंधानकर्ता नगर थाना की टीम से भी घटना से सम्बंधित जानकारी ली। करीब डेढ़ घन्टे की पूछताछ व जांच पड़ताल के बाद टीम सुधाकर सुमन झा के घर पहुंची। यहां मछली कारोबारी का कार्यालय भी है। यहां पहुंचकर आरोपित के पिता व भाई को बुलाया गया। इस दौरान टीम ने पूरे घर का बारिकी से जांच किया।

पूछताछ के दौरान सभी लोगों का बयान नोट किया गया। इसके बाद टीम सीधे सेंट्रल जेल पहुंची जहां बंद आरोपितों से भी कांड को लेकर पूछताछ की गई।
सीआईडी एसपी संध्या रानी मेहता ने कहा कि अनुंसधान अभी जारी है। जांच के संबंध में फिलहाल कुछ भी नहीं बताया जा सकता है।
सीआइडी के साथ नगर थाना के एसआइ कृष्ण कुमार कुशवाहा, सुमन कुमार, आरके मार्डी व वर्तमान में रिखिया थाना प्रभारी संजीत कुमार भी घटनास्थल पर मौजूद थे।
क्या है मामला
बता दें कि 11 फरवरी की रात अंडापट्टी में पांच की संख्या में आए अपराधियों ने मछली कारोबारी सुधाकर सुमन झा पर हमला कर दिया। अपराधियों ने फायरिंग करना शुरू कर दिया। फायरिंग में मछली कारोबारी के दो सरकारी बाडीगार्ड को गोली लग गई। गोलीबारी में दोनों जवानों की मौत हो गई थी। मृतक जवान संतोष यादव व रवि मिश्रा साहेबगंज जिला का रहने वाले थे। मामले को लेकर मछली कारोबारी, पुलिस व पप्पू सिंह की पत्नी के बयान पर तीन अलग-अलग मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मछली कारोबारी सहित अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत भेज दिया है लेकिन पप्पू फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।


