
Deoghar: जसीडीह रेलवे स्टेशन में उतरे एक यात्री से गंतव्य स्थान तक पहुंचाने के नाम पर कार में बैठाकर 15 हजार रूपये सहित एटीएम व मोबाइल की ठगी कर लिये जाने का मामला प्रकाश में आया है। इसे लेकर ठगी का शिकार हुआ मुंगेर जिला के धुरिया मकवा निवासी प्रमोद सिंह ने नगर थाना में आवेदन देकर शिकायत किया है।

कहा है कि वह छत्तीसगढ़ स्थित एक कोयला खादान में ठेकेदार के पास काम करता है। गुरूवार को वह छत्तीसगढ़ से ट्रेन से जसीडीह स्टेशन पर उतरा। स्टेशन से जैसे बाहर निकला उसे एक व्यक्ति मिल गया। उसने पुछा कि कहां जाना है तो उसने अपना पता बता दिया तो उक्त व्यक्ति से उसे असरगंज जाने की बात कही और उसके पंचायत के मुखिया सहित गांव के कई लोगों का नाम भी बता कर उसे झांसे में ले लिया। उसके बाद उसे कार में बैठा लिया और देवघर शहर की ओर चला आया।

रास्ते में ही उसका मोबाइल, रूपया तीन एटीएम कार्ड और उसका पिन नंबर ले लिया। ठग ने उससे कहा कि उसे भी बैंक का 10 लाख रूपया लेकर बोलेरो वाहन से चलना है। देवघर पहुंचने के बाद कार को रोककर उसका बैग को सर्च किया और कहा कि कहीं शराब तो बैग में नहीं है। उपरांत उसका बैग और सामान बाहर रखकर कहा कि साहब के पास जा रहे हैं बैंक का रूपया और बोलेरो लेकर आते हैं। उसके बाद ठग फरार हो गया।
कुछ देर बाद उसके मोबाइल पर 12 हजार रूपये एटीएम से निकासी कर लिये जाने का मैसेज आया तब उसे समझ में आया की वह ठगी का शिकार हो गया है। नगर थाना पुलिस आवेदन लेकर जांच में जुट गयी है।


