
Deoghar: झारखंड सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ 11 अप्रैल को भाजपा द्वारा रांची सचिवालय का घेराव किया जाएगा। इसको लेकर गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने सोमवार को देवघर स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कल सरकार की चूल हिल जाएगी।

उन्होंने बताया कि पुरे संथाल परगना से विशेष ट्रेन सहित यहां से होकर गुजरने वाली छह ट्रेनों से करीब 25 हजार भाजपा कार्यकर्त्ता रांची जायेंगे। साथ ही पुरे राज्य की बात करें तो करीब तीन लाख भाजपा कार्यकर्त्ता रांची पहुँच सचिवालय घेराव कर सरकार से अपने सवालों का जवाब मांगेंगे।

सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि कल सरकार की नीतियों के खिलाफ भाजपा की रैली है। लेकिन झारखंड की हेमंत सरकार हिली हुई है। इसलिए मुख्यमंत्री ने अपना दो दिवसीय कार्यक्रम संथाल परगना में कर दिया है। सांसद निशिकांत ने कहा कि अगर उनमें ताकत थी तो मुख्यमंत्री जी को तीन लाख लोगों को संबोधित करना चाहिए था।
एमपी निशिकांत ने कहा कि हेमंत सरकार दारू बेच रही, गिट्टी बेच रही, जमीन बेच रही, कोयला बेच रही, बांग्लादेशी घुसपैठिये को आगे बढ़ा रही, नक्सलवादी गतिविधि आगे बढ़ रही, साइबर क्राइम को बढ़ावा मिल रहा, लोगों को रोजगार नहीं दे रही। अगर हिम्मत रहती तो हेमंत सोरेन हमारे इन आरोपों का एक-एक कर जवाब कल रैली को सम्बोधित कर देना चाहिए था।
सांसद निशिकांत दुबे ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मुझे लगता है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के जो नेता हैं हेमंत सोरेन वो वीर शिबू सोरेन के बेटे जरूर हैं लेकिन कायर हैं। इसी कायरता में हेमंत सोरेन 10 और 11 अप्रैल को रांची छोड़ संथाल परगना में अपना डेरा जमाएंगे।


