
Deoghar: देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के सातर गांव में मारपीट कर एक व्यक्ति की हत्या कर दिये जाने का मामला सामने आया है। मृतक का नाम संजय कापरी है जो मूल रूप से करौं का रहने वाला है। शादी के बाद से ही वह ससुराल कुंडा थाना क्षेत्र स्थित सातर में रह रहा था।

बताया जाता है कि वह तालाब से मछली मारकर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। बताया जाता है कि मछली चोरी करने के आरोप में उसकी पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी। घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ अशोक कुमार, कुंडा थाना प्रभारी संतोष मंडल सदलबल घटनास्थल पहुंचे और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल भेज दिया। इधर पुलिस उसकी हत्या के कारणों का पता लगाने में जुट गयी।

घटना को लेकर मृतक की पत्नी चंपा देवी ने बताया की पति का सौतेला भाई और गांव का एक व्यक्ति मंगलवार की रात करीब 11.30 बजे के आसपास पति को तालाब से मछली मारने की बात कह कर ले गया। बुधवार की सुबह उसे जानकारी मिली उसके पति की तालाब किनारे एक पेड़ में बांधकर हत्या कर दी गयी। वहां पहुंची तो पेड़ के पास पति मृत पड़ा था, सिर्फ रस्सी पेड़ में बंधा था। पत्नी का कहना है कि उसे चार छोटे- छोटे बच्चे हैं। जिसका भरण पोषण उसका पति तालाब से मछली मारकर करता था। पुलिस ने घटना स्थल के पास बोरा में रखा आठ- दस पीस मछली भी बरामद किया है।
हत्या हुई पुलिस जांच में जुटी है-सीसीआर डीएसपी
कुंडा थाना इलाके सातर गांव में पीट-पीट कर हुई संजय कापरी की हत्या मामले में सीसीआर डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद ने कहा कि उक्त गांव में एक सरकारी तालाब है जिसे वहां के स्थानीय लोगों ने मछली पालन के लिये लीज पर लिया है। कहा कि मृतक पर आरोप है कि वह उक्त तालाब से मछली चोरी कर रहा था। लोगोें ने उसकी पीटाई कर दी जिससे उसकी मौत हो गयी। कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।


