
Ranchi: अपर बाजार निवासी व्यवसायी हरिबक्स पोद्दार का निधन 10 मई, 1973 को हुआ था। उनकी मृत्यु के 50 साल बाद जालसाजों ने उनके नाम से फर्जी स्टाम्प पेपर निकाल लिया। मृतक के नकली हस्ताक्षर करके फर्जी एग्रीमेंट बनाया गया। इसके आधार पर रांची नगर निगम से फर्जी ट्रेड लाइसेंस बनाया गया है। इसकी जानकारी मिलने पर हरिबक्स पोद्दार के कानूनी उत्तराधिकारी राजेश कसेरा ने रांची नगर निगम और पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

कसेरा रांची प्रेस क्लब में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में रांची नगर निगम के आयुक्त को शिकायत भेजी गई है। इसके अनुसार हरिबक्स पोद्दार के निधन के 50 साल बाद 09 जनवरी, 2023 को उनके नाम से फर्जी स्टांप पेपर निकाला गया। झारखंड सरकार के वेबसाइट से भी इसकी पुष्टि हो चुकी है। ऐसे फर्जी दस्तावेज के आधार पर रांची नगर निगम को गुमराह करके होजियरी कलेक्शन के नाम से फर्जी ट्रेड लाइसेंस लेने की बात सामने आयी है।

यह फर्जी लीज एग्रीमेंट अपर बाजार रोड स्थित राजेश कसेरा की पैतृक संपति होल्डिंग संख्या 779, वर्तमान वार्ड संख्या 23 पर निर्मित तीनमंजिला भवन में निर्मित लगभग 100 वर्गफीट दुकान के लिए फर्जी तौर पर बनाया गया है। यह फर्जी एग्रीमेंट नौ जनवरी 2023 से आठ जनवरी 2025 तक दो साल की अवधि के लिए बनाया गया है। ऐसे फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जीएसटी नंबर भी लिया गया है। उन्होंने ट्रेड लाइसेंस को तत्काल निरस्त करके संबंधित जालसाजों के खिलाफ जिला प्रशासन और निगम प्रशासन से कार्रवाई का अनुरोध किया है।


