
Deoghar: जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के खोरीपानन गांव में 20 वर्षीय युवक संतोष कुमार यादव की मौत के बाद परिजनों ने सड़क पर उतर प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि युवक की हत्या हुई है। जिसको लेकर शुक्रवार को जसीडीह चकाई मुख्य पथ पर आक्रोशित ग्रामीणों ने घंटो सड़क जाम कर दिया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ी रही।

परिजनों ने बताया कि गुरुवार की देर शाम गांव के एक व्यक्ति युवक को घर से बुलाकर ले गया और उसे अधमरा अवस्था में अपने घर के सामने टैंपू पर छोड़ दिया। उसके बाद घटना की जानकारी उसके परिजनों को देते हुए कहा कि वह बेहोशी की हालत में ऑटो पर पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर पीड़ित के परिजनों ने मौके पर पहुंचा तो उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए देवघर सदर अस्पताल ले गया जहां डॉक्टर ने इलाज के दौरान घायल को मृत घोषित कर दिया है।

मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि गांव के सनाबुल मियां ने मृतक को घर से बुलाकर ले गया था। किसी बात को लेकर आरोपी के साथ नोकझोंक होने पर उसकी हत्या कर साक्ष्य छुपाने की नियत से टैंपू में रख दिया था।

घटना को लेकर उग्र ग्रामीण व परिजनों ने जसीडीह चकाई मुख्य पथ को लगभग ढाई घंटे तक जाम कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करने लगा। जाम की सूचना मिलने पर देवघर एसडीपीओ पवन कुमार , देवघर अंचलाधिकारी , जसीडीह इंस्पेक्टर सदलबल मौके पर पहुंचे और उग्र ग्रामीणों को काफी समझाने की कोशिश की। एसडीपीओ ने आश्वासन देते हुए कहा कि आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी कर ली जाएगी इसके बाद रोड जाम को हटाया गया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर दर्जनों वाहन जाम में फंसा रहा।



