
Deoghar: देवघर नगर थाना में पूर्व थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह को पीएनबी बैंक के सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट करने को लेकर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। अब विश्वसनीय सूत्र बता रहे कि उनके खिलाफ इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामला पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंधक न्यू कॉलोनी पुरनदाहा निवासी अंकित राज के बयान पर दर्ज किया गया है।

सूत्र बताते हैं कि मामले में कहा गया है कि 02 जनवरी 2023 को लगभग 12.45 बजे कुछ पुलिस कर्मी जो कि हथियार से लैस थे शाखा में आए और अपने आपको थाना प्रभारी बताते हुए अंदर घुस गए। उसी क्रम मे बैंक सुरक्षा प्रहरी बेलाबागान निवासी अशोक कुमार यादव ने हथियार के साथ बैंक शाखा में अंदर आने से रोक दिया। इसपर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह जो अपने आपको थाना प्रभारी बता रहे थे, लात-घुसे से उसके साथ मारपीट करने लगे। उसके बाद बैंक सुरक्षा प्रहरी को घसीटते हुए थाना ले गए और झूठा मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।

बता दें कि घटना दो जनवरी की है जब रतन कुमार सिंह बैंक शाखा गए थे। गार्ड की गिरफ्तारी के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया था। पूरे शाखा कर्मी एकजुट होकर थाना प्रभारी के रवैये के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। वहीं, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य के आधार पर उच्च पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी को ही गलत पाया। जिसके बाद तीन जनवरी की देर रात थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह को डीआईजी दुमका द्वारा निलंबित कर दिया गया था।


