
Deoghar: देवघर जिले के जसीडीह थाना इलाके के चांदपुर के रहने वाले एक 27 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी। मृतक का नाम सुमन राज पिता सुरेश यादव है। जो मूल रूप से बिहार के लखीसराय जिला के सुर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के चंदनपुर रविनगर टोला का रहने वाला है।

वह पिछले छह वर्षों से चांदपुर में पत्नी करिश्मा देवी और एक बच्चे के साथ रह रहा था। यहां रहकर वह टाइल्स मिस्त्री का काम करता था। परिजनों ने बताया कि उसकी पत्नी के द्वारा बुधवार को सुबह फोन पर बताया कि सुमन की मौत हो गयी है।

सूचना मिलते ही उसके गांव से परिजन देवघर पहुंचे और इसकी जानकारी जसीडीह थाना पुलिस को दी। उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिये देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया। बिहार के लखीसराय जिला से आये परिजनों ने उसकी पत्नी पर जहर देकर मारने का आरोप लगाया है।
गांव के ही दो बच्चे की मां के साथ फरार होकर देवघर में रह रहा था मृतक
परिजनों ने बताया कि मृतक सुमन राज का गांव के ही रहने वाली एक महिला करीश्मा देवी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला को एक बेटी और एक बेटा है। महिला अपनी बेटी को घर पर छोड़कर छोटा बेटा के साथ करीब छह वर्ष पूर्व गांव से सुमन के साथ फरार हो गयी थी। सुमन भय से गांव नही जा रहा था। वह देवघर के जसीडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर में घर बनाकर रह रहा था। यहां रहकर वह टाइल्स -मार्बल मिस्त्री का कार्य करता था। परिजनों ने बताया कि उसके पत्नी के माता पिता का आना जाना उसके घर पर लगा रहता था। परिजनो ने मृतक की पत्नी पर ही जहर देकर मारने का आरोप लगाया है।
अब, सुमन की मृत्यु कैसे हुई है यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद भी पता चलेगा। इधर जसीडीह पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है।



