
Deoghar: देवघर में चोरों का आतंक बढ़ गया है। बेखौफ चोर आए दिन बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस हाथ पर हाथ धरे रह रही है। देवघर नगर थाना के महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित कनिष्का इंटरप्राइजेज में चोरों ने एक बार फिर हाथ साफ़ किया है। इस बार लाखों के मोबाइल की चोरी हुई है।

घटना के संदर्भ में कनिष्का इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर रंजीत कुमार सिंह उर्फ़ जवाहर सिंह ने बताया कि देर रात शो रूम बंद सभी लोग घर चले गए थे। जब सुबह दुकान पहुंचे तो देखा कि दुकान के अंदर ग्रील टूटा हुआ है। कुछ सामान भी बिखरा पड़ा है। आनन-फानन में सभी कर्मचारी और मालिक शॉप पहुंचे, जिसके बाद पुलिस को जानकारी की गयी।

जवाहर सिंह ने बताया कि ग्रिल तोड़कर चोर दुकान के अंदर प्रवेश किए हैं और शोरूम में रखे लगभग 50 मोबाइल फोन लेकर चंपत हो गए हैं। करीब पांच लाख रूपये की चोरी हुई है। वहीं सारी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
इधर, सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस बल मामले की छानबीन में जुट गई है। नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि पहले भी चोरी हुई थी। आज दोबारा यहां चोरी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए छानबीन की जा रही और जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
यहां बता दें कि सितंबर माह में भी चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को यहां अंजाम दिया था। इस मामले में अबतक पुलिस के हाथ खाली ही हैं कि दूसरी बार चोरों ने इस दुकान को फिर निशाना बनाया है।


