
Ranchi: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के वरिष्ठ नेता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि हेमंत सरकार के तीन साल सफलतापूर्वक पूरे करने पर भाजपा नेताओं में जबरदस्त बौखलाहट है। उन्होंने कहा कि अमित शाह सात जनवरी को चाईबासा दौरे पर आ रहे हैं। इससे साफ है कि भाजपा नेताओं में जबरदस्त बौखलाहट है। यह दौरा उस संसदीय सीट पर हो रहा है, जहां भाजपा का एक भी जनप्रतिनिधि नहीं है।

भट्टाचार्य शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि एचईसी की गिरती स्थिति के बाद हेमंत सरकार के विकास कामों को देख भाजपा जान चुकी है कि आगामी लोकसभा चुनाव में उसकी दिशा और दशा क्या होगी। झामुमो चाहता है कि अमित शाह राज्य में पार्टी की वस्तुस्थिति से अवगत हों। वे पांचों प्रमंडल का एक-एक कर दौरा करें, तब उन्हें पार्टी की स्थिति की सही जानकारी मिलेगी।

भट्टाचार्य ने कहा कि हैवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (HEC) की आर्थिक सेहत इतनी खराब है कि कंपनी के पास अपने कर्मचारियों को तनख्वाह देने तक के पैसे नहीं हैं। एचईसी पिछले आठ साल से कराह रहा है। पिछले एक साल से तो वह मृतप्राय (ब्रेन डेड की स्थिति में) है। इसे लेकर भाजपा के 12 सांसदों के प्रति लोगों में जबरदस्त नाराजगी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 झामुमो और झारखंड के लिए नई चुनौतियों का वर्ष होगा। वर्ष 2023 राजनीतिक तौर पर झामुमो का संकल्प का वर्ष होगा। हमारा यह संकल्प होगा कि 2024 में झारखंड को भाजपा से मुक्ति दिलायी जाये।


