
Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने सातवीं से दसवीं जेपीएससी पीटी का संशोधित रिजल्ट गुरुवार को जारी कर दिया। इसमें 4885 अभ्यर्थियों को मेंस परीक्षा के लिए चयनित किया गया है। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने पिछले दिनों झारखंड हाइकोर्ट से सातवीं से दसवीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा का संशोधित रिजल्ट जारी करने की अनुमति देने का आग्रह किया गया था। इसी आदेश के आलोक में जेपीएससी ने संशोधित रिजल्ट जारी किया है।
पीटी में आरक्षण का लाभ देने का मामला

उल्लेखनीय है कि प्रार्थी कुमार सोनी मेमन की ओर से झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर कर सातवीं से दसवीं जेपीएससी पीटी के रिजल्ट को चुनौती दी गयी थी। प्रार्थी ने आरोप लगाया है कि झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने पीटी में आरक्षण का लाभ दिया है। यह नियम विरुद्ध है। पीटी में आरक्षण का लाभ देने का कोई प्रावधान नहीं है। इसलिए इसे निरस्त किया जाना चाहिए। इस मामले में हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। इसके बाद जेपीएससी की ओर से संशोधित रिजल्ट जारी करने के लिए हाईकोर्ट से अनुमति देने का आग्रह किया गया था।
जेपीएससी पीटी में आरक्षण का लाभ देने का जिक्र नहीं

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों प्रार्थी कुमार सन्यम की ओर से भी अधिवक्ता अमृतांश वत्स ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अपना पक्ष रखते हुए खंडपीठ को बताया था कि नियमावली व विज्ञापन में कहीं भी प्रारंभिक परीक्षा (PT) में आरक्षण का लाभ देने की बात नहीं कही गई है। इसके बावजूद जेपीएससी ने पीटी में आरक्षण का लाभ देते हुए रिजल्ट निकाला है। इसमें सामान्य कैटेगरी के 114 सीट के विरुद्ध 15 गुना यानी 1710 अभ्यर्थी को सफल होना चाहिए था लेकिन 768 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। शेष पदों पर आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं।


