
Deoghar: लायंस क्लब देवघर के अनुरोध पर नगर निगम के द्वारा श्मसान घाट स्थित केवल तालाब का सौंदर्यीकरण एवं रख रखाव का जिम्मा तीन वर्ष के लिये दिया गया था। लेकिन सौदर्यीकरण तो दूर वहां लगे आठ पेड़ की ही कटायी कर दी गयी। इसे लेकर नगर निगम के प्रबंधक सतीश कुमार दास ने नगर थाना में लायंस क्लब के अध्यक्ष रूपाश्री पर मामला दर्ज कराया है।

FIR में कहा गया है कि शमसान घाट के तालाब का सौंदर्यीकरण एवं रख रखाव के लिये सहमति इस शर्त पर दी गयी थी वे इसका रख रखाव तीन वर्षों तक करेगें। वहीं इस कार्य का व्यय का वहन स्वंय के निधि से करेंगें तथा कार्यो में निगम के कार्यपालक अभिंयता, पदाधिकारीगण के निर्देश एवं सुझावों का भी अनुपालन किया जायेगा।

FIR में ज़िक्र है कि 06 दिसंबर को अध्यक्ष सह जोनल चेयरमेन रूपाश्री के निर्देश पर चार व्यक्ति मशीन लेकर पहुंचे और आठ पेड़ को जमीन से ढाई से तीन फुट उपर से काट डाला। जबकि बताया गया कि पेड़ की छटाई का कार्य किया जा रहा है।
जांच के क्रम में श्मसान घाट में लावारिस शव के दाह-संस्कार के प्रभारी निगमकर्मी प्रदीप धपरा और श्मसान घाट साफ- सफाई का प्रभारी पलटू मेहतर ने इसे सत्यापित किया है। कहा है कि रूपाश्री द्वारा न तो पेड़ कटाई के संबध में विभाग से कोई अनुमति या सुझाव लिया गया। नगर पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गयी है।


