
Ranchi: झारखंड में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी का शौक रखने वालों के लिए सुनहरा अवसर है। फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी रखने वाले कैमरे के लेंस और अपने विजन के जरिए झारखंड की परंपरा, कला, संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक स्थल, नृत्य एवं अन्य गतिविधियां को दिखाएं। साथ ही पुरस्कार के रूप में 57 लाख तक रुपये जीतें।

15 दिसम्बर से 15 जनवरी तक आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान के लिए एक लाख रुपये, द्वितीय स्थान के लिए 75 हजार एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 50 हजार रुपये पुरस्कार स्वरूप दिए जायेंगे। साथ ही प्रत्येक श्रेणी में 20 हजार रुपये के समेकित पुरस्कार भी शामिल हैं। विजेताओं का चयन उनके सोशल मीडिया पोस्ट पर व्यूज लाइक के आधार पर किया जाएगा।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के लिए फोटोग्राफी के तहत धार्मिक पर्यटन स्थल, पर्व – त्यौहार, पारंपरिक मेले, प्राचीन स्थल और स्मारक, नृत्यकला, दर्शनीय सौंदर्य और परिदृश्य को शामिल किया गया है। वीडियोग्राफी श्रेणी में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यूट्यूब के लिए भी उपरोक्त विषयों को समाहित किया गया है। रील और शॉर्ट वीडियो के लिए प्रतिभागी इन्हीं विषयों पर अपने हुनर का प्रदर्शन कर सकेंगे।
विभागीय वेबसाइट www.tourism.jharkhand.gov.in पर पंजीकरण किया जा सकता है।
ये है जरुरी
फोटो और वीडियो जमा करने का मानदंड एचडी फोटोग्राफ जेपीजी प्रारूप में न्यूनतम 10 एमबी से अधिकतम 50 एमबी तक होनी चाहिए। वीडियो कम से कम एक मिनट से अधिकतम दो मिनट 30 सेकेंड का होना चाहिए जबकि रील या शॉर्ट वीडियो की अवधि 30 सेकेंड की होगी। प्रतिभागी एक या अधिकतम चार फोटोग्राफ अपलोड कर सकते हैं।


