
Madhupur (Deoghar): जिले के मधुपुर अनुमंडल क्षेत्र में बालू माफियाओं का आतंक बढ़ गया है। अब न सिर्फ बालू माफिया खाकी से बेखौफ होकर अपने कारनामे को अंजाम तक पहुंचा रहे बल्कि पकड़े जाने पर पुलिस पर हमला करने की भी हिम्मत दिखा रहे। ऐसा ही सोमवार को हुआ मधुपुर अनुमंडल क्षेत्र के बुढ़ई थाना क्षेत्र में। हालांकि, इन धंधेबाजों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य तीन की तलाश जारी है।

दरअसल, बुढ़ई थाना प्रभारी हीरालाल तुबिद ने सोमवार को अपने क्षेत्र में गश्ती के दौरान तेज गति से सुग्गापहाड़ी से जगदीशपुर की ओर एक बालू लदे ट्रैक्टर को आते देखा गया। जगदीशपुर रेलवे फाटक के पास ट्रैक्टर को रुकने का इशारा किया। लेकिन चालक गाड़ी रोकने के बजाय और तेज गति से भागने लगा। जिसके बाद उसका पीछा करते हुए जगदीशपुर रेलवे फाटक के पास ट्रैक्टर पकड़ा गया। चालक से ट्रैक्टर के कागजात की मांग की गई। उसने कागजात देने में असमर्थता जताई। इसके बाद सशस्त्र पुलिस जवानों के साथ ट्रैक्टर जप्त कर थाना लाने के दौरान बालू माफिया बाइक सवार आरोपी पहुंच गए और रास्ता रोककर न सिर्फ पुलिस के साथ गाली गलौज किया बल्कि थाना प्रभारी और अन्य पुलिस जवानों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करने लगे।

इसी दौरान पुलिस ने ट्रैक्टर चालक जरियाटांड निवास सचिन कुमार यादव व पटवाबाद निवासी महबूब खान को पकड़ कर थाना लाया । पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में अन्य की पहचान की गई है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।
बुढ़ई थाना की पुलिस ने अवैध बालू ढुलाई मामले में पांच नामजद आरोपियों के विरुद्ध सरकारी काम में बाधा पहुंचाने पुलिस पदाधिकारी और जवानों के साथ धक्का-मुक्की करने के अपराध में आरोपित बनाते हुए प्राथमिकी दर्ज किया है। पुलिस ने मधुपुर थाना क्षेत्र के जरियाटांड गांव निवासी ट्रेक्टर चालक सचिन कुमार यादव , पटवाबाद निवासी महबूब खान व बाबू मियां , डंगालपाड़ा निवासी सूरज यादव पनाहकोला निवासी पप्पू उर्फ मोहम्मद शमीम को नामजद आरोपी बनाया है।


