
Giridih: जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत टेंगरा खुर्द पंचायत के लकरगड़ा टोला में मां और उसकी छह माह की बच्ची की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। महिला का नाम अंजनी देवी (22) तथा छह माह की बच्ची नैना कुमारी है।

महिला के ससुर पंचानन महतो ने कहा कि रविवार सुबह छोटी बहू अंजनी देवी के काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर घर वालों को शक हुआ। दरवाजे को तोड़कर अंदर गये तो देखा कि छोटी बच्ची नैना कुमारी मृत अवस्था में खटिया पर सोई हुई है तथा उसकी मां फंदे से लटकी हुई थी। पास-पड़ोस के लोगों के सहयोग से महिला को फंदे से उतारा गया। साथ ही इसकी सूचना तत्काल निमियाघाट थाना की पुलिस को दी गयी।

महिला के घर वालों के अनुसार, अंजनी का पति प्रकाश महतो छह महीना पहले मुंबई रोजगार के लिए गया हुआ है। घटना की सूचना उसके उसके पति प्रकाश महतो को भी दे दी गई है।पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है।


