Deoghar: कुंडा थाना क्षेत्र स्थित बाजार समिति के अंदर एक टोटो चालक से 11500 रुपये नकद सहित मोबाइल छिनतई कर ली गई। पीड़ित छिनतई कर भाग रहे बदमाश की बाइक को पकड़ लिया और चिल्लाने लगा। उसी दौरान बदमाश बाइक छोड़ कर फरार हो गया। मामला 15 नवंबर की देर रात का बताया जाता है। इसे लेकर टोटो चालक जमुई जिला के गिधौर थाना क्षेत्र के मौरा निवासी दिनेश यादव ने कुंडा थाना में मामला दर्ज कराया है।

कहा है कि घटना के बाद बदमाशों की बाइक संख्या जेएच 15 सी 2156 को थाना को सुपुर्द कर दिया उसके बाद पता लगाने में जुट गया था। 19 नवंबर को थाना में मामला दर्ज कराया। मामले में कहा है कि 15 नवम्बर बाजार समिति में रात करीब 1 बजे टोटो खड़ी कर मोबाइल का लाइट जला कर मजदूरी का रुपया गिन रहा था।

उसी क्रम में बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचा और रुपये व मोबाइल झपट कर भागने लगा तभी उसने बाइक को पकड़ लिया और चिल्लाने लगा। इतने में दोनों बाइक छोड़कर रुपये और मोबाइल लेकर फरार हो गए। कुंडा पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।



