
Deoghar: मंगलवार की सुबह 6.30 बजे कुंडा थाना क्षेत्र के सारवां रोड स्थित करनकोल का इलाका गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। जिससे आसपास दहशत का माहौल पैदा हो गया। गोली चलाने वाले चार अपराधी तीन बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे। बाइक से उतर कर न्यू दिल मांगे मोर लाइन होटल के मालिक विलासी निवासी पप्पू ठाकुर के चार पहिया वाहन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

वहीं होटल के सामने खड़ी कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। गोली चलाने के बाद अपराधी सारवां की ओर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सुभाषचंद्र जाट, एसडीपीओ पवन कुमार सर्किल इंस्पेक्टर संजय वर्मन, कुंडा थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सारवां थाना प्रभारी कुमार अभिषेक ,एसआई सन्तन यादव सदलबल घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच की।


घटनास्थल से पुलिस ने 6 खोखा और एक मिस फायर गोली को बरामद कर किया। एसपी ने कहा कि दहशत फैलाने को लेकर बाबा परिहस्त गैंग के सदस्यों ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है। रंगदारी मांगने को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है। एसपी ने कहा कि कि पप्पू ठाकुर पूर्व में कथित तौर पर बाबा परिहस्त के साथ रहकर भूमाफिया का काम करता था । बताया कि मामले का अनुसंधान किया जा रहा है।
क्या है घटनाक्रम
बिलासी निवासी पप्पू ठाकुर सुबह 6.15 मिनट पर घर से करनकोल स्थित अपना लाइन होटल पहुंचे थे। सूत्रों ने बताया कि जैसे ही वह अपने होटल के पास कार को पार्क कर उतरा। कुछ देर में ही दो बाइक देवघर और एक बाइक से सारवां की ओर से 4 अपराधी वहां पहुंचे। तीन अपराधी के हाथ मे पिस्टल था। बाइक से उतरते ही अपराधी अंधाधुन फायरिंग करने लगे।
पप्पू ठाकुर जान बचाने के लिए सड़क के दूसरी तरफ एक घर मे छुप गया। सारी घटना होटल में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। इधर पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुट गई है।


