Deoghar: नगर थाना क्षेत्र के हिरणा इलाके का रहने वाला 38 वर्षीय एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि आत्महत्या करने से पूर्व उसने अपनी पत्नी को चाकू से गोद कर हत्या करने का प्रयास किया था। घायल पत्नी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक का नाम दिनेश कुमार प्रसाद है। जानकारी मिलते ही नगर पुलिस हिरणा पहुंची और मृतक के शव को फांसी से उतारा। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
क्या है घटनाक्रम
बताया जाता है कि मृतक दिनेश कुमार प्रसाद ग्रेजुएट था लेकिन कोई कार्य नहीं करता था। 4 वर्ष पूर्व ही उसकी शादी धनबाद की रहने वाली निशा कुमारी के साथ हुई थी। उसे एक तीन वर्ष की बेटी भी है। बताया जाता है कि पत्नी उसे हमेशा कुछ कार्य करने के लिए कहा करती थी ताकि परिवार का भरण पोषण सही से हो सके। इसे लेकर दोनों के बीच अनबन होता रहता था। बीते 24 अक्टूबर को भी दोनों के बीच झंझट हुआ था। इसकी जानकारी जब निशा के परिजनों को हुई तो वे लोग धनबाद से हिरणा पहुंचे और दोनों पति पत्नी को अपने साथ ले गए थे। उसके बाद ससुराल वाले ने दिनेश को सिक्युरिटी गार्ड में नौकरी करने की सलाह दिया।
लेकिन दिनेश सिक्युरिटी का काम नहीं करना चाहता था। लेकिन वह ससुराल से पत्नी व बच्चे को अपने साथ यह कहकर लेकर चला आया कि सिक्योरिटी के काम के लिए पुलिस वेरिफिकेशन करना है। शनिवार को चार बजे वह घर से यह कहकर निकला कि वह थाना वेरिफिकेशन के लिए जा रहा है। पांच बजे शाम को वह घर वापस आ गया। पत्नी ने जब पुलिस वेरिफिकेशन की जानकारी लेनी चाही तो वह गुस्से में आ गया। कमरे का दरवाजा बंद कर पत्नी के सिर पर कई बार चाकू से मारकर जानलेवा हमला कर दिया। किसी तरह निशा लहूलुहान अवस्था मे घर से भागी। पड़ोसियों ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।
इसके उपरांत मायके वालों की फोन से सूचना दिया बाद में पुलिस को जानकारी दी। नगर पुलिस रात को सदर अस्पताल पहुंची। उसके बाद हिरणा स्थित घर पर निशा के पति को खोजने पहुंची। घर पहुंच कर देखा तो अंदर से दरवाजा बंद है। दरवाजा खटखटाने के जब अंदर से कोई आवाज नहीं मिला तो जवानों ने घर के करकट को उखाड़ा दो देखा कि दिनेश फांसी के फंदे से झूल रहा है। उसे फांसी के फंदे से उतारकर पुलिस सदर अस्पताल ले गई। समाचार लिखे जाने तक नगर पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी थी।