
Ranchi: देवघर जिला के अंतगर्त सड़कों का ठीक से रख-रखाव इंजीनियर व ठेकेदार नहीं कर रहे हैं। एक दर्जन से अधिक सड़कों का हाल ठीक नहीं है। हालात यह है कि धार्मिक दृष्टि से और पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण इलाके की अधिकांश सड़कें टूट गयी या जर्जर हो गयी। यात्रियों, पर्यटकों को इससे काफी परेशानी भी हो रही है। इस वजह से राज्य की छवि भी धूमिल हो रही है। आरोप यह भी लग रहे हैं सड़कों के निर्माण में क्वालिटी का ध्यान नहीं रखा गया। इंजीनियरों की अनदेखी का लाभ संवेदक उठा ले गये। जिस वजह से सड़कें बारिश के मौसम में पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी। पथ निर्माण विभाग ने कई बार पथों के निरीक्षण और रख-रखाव के संबंध में दिशा-निर्देश दिया है, लेकिन इसका अनुपालन सही से नहीं हुआ। पूरे मामले की शिकायत पथ निर्माण विभाग को दिया गया है।

पथ निर्माण विभाग के अभियंता प्रमुख जयप्रकाश सिंह ने देवघर के कार्यपालक अभियंता की शिकायत पथ निर्माण सचिव सुनील कुमार से की है। यह कहा है कि पथों के रख-रखाव एवं इनके निर्माण में बरती जा रही घोर उदासीनता एवं लापरवाही के कारण अक्सर इस तरह के मामले समापचार पत्रों में भी प्रकाशित हो रहे है, जिससे विभाग की छवि खराब हो रही है। पथ प्रमंडल देवघर के अंतर्गत बहुत सारे पथों जिसमें बगदाहा मोड़ा से पालाजोरी मुख्य पथ, देवघर से धनबाद जाने वाले पांडेयडीह मार्ग आदि पथों की स्थिति काफी जर्जर हो गयी है, जिसके फलस्वरूप इन पथों पर आमजनों के अलावा वाहनों का आवागमन बाधित है। वहीं,कार्यपालक अभियंता पथ देवघर समय पर समीक्षा बैठकों में भी शामिल नहीं होते। ऐसे में यह घोर अनुशासनहीनता व कर्तव्यहीनता का परिचायक है।

पथ निर्माण विभाग के अभियंता प्रमुख जयप्रकाश सिंह ने देवघर के कार्यपालक अभियंता को विभागीय कार्यो के प्रति उदासीन, लापरवाह एवं शिथिल बताया है। पथ निर्माण सचिव ने पूरे मसले पर इंजीनियरों को तलब कर बेहाल सड़कों के बारे में जानकारी ली और यह स्पष्ट कहा है कि अत्यावश्यक कार्यो के संपादन में कार्यपालक अभियंता देवघर द्वारा लगातार अनदेखी की जा रही है। यहीं, विभाग इसलिए भी नाराज है कि श्रावणी मेला और देवघर हवाई अड्डा के महत्वपूर्ण पथों का निर्माण एवं रख-रखाव में इन्होंनें अपना दायित्व का समय पर निर्वहन नहीं किया था। सचिव ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया और जांच के आदेश दिए हैं।
अभियंता प्रमुख झारखंड द्वारा सरकार को यह भी बताया गया है कि कार्यपालक अभियंता देवघर वीरेंद्र बहादुर विभागीय कार्यो के प्रति लापरवाह, उदासीन और शिथिलता बरतते हैं। जिससे योजनाओं की प्रगति प्रभावित हो रही है। कई निर्देश के बाद भी विभिन्न पथ परियोजनाओं की प्रगति के साथ ही देवघर एयरपोर्ट सड़क निर्माण समय पर पूरा नहीं होने के कारण विभाग को कोपभाजन का शिकार होना पड़ा। इस एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। एयरपोर्ट जाने के लिए इसी मार्ग का उपयोग किया गया था जो बेहतर नहीं थी।
टेंडर में भी गड़बड़ी
अभियंता प्रमुख ने यह भी रिपोर्ट में कहा है कि निविदा में अनियमितता कर अपने चहेतों को कार्य आवंटित कराना, पथों का निर्माण मानक गुणवत्ता के तहत नहीं कराना, योजनाओं में सहयोग नहीं करना एवं संवेदकों का भुगतान भी वे लंबित रखते हैं। कई योजनाएं लंबित हैं। राशि भी व्यय नहीं हो रही है।
ये सड़कें पूरी तरह से खराब
- रोहिनी परमेश्वर चौक से शहीद द्वारा दाहुरग्राम रोड
- देवघर-दर्दमारा रोड
- जसीडीह,कालीपुर-कुसमाहा रोड
- चांडिह पीडब्लू रोड एमडीआर 229 से तिलोना रोड,वाया सिमरा,खासपेखा, पिछड़ीबाद,मथुरापुर, हुसैनाबाद,कटहारी रोड
- जसीडीह,कालीपुरा देवपुरा रोड
- पंडानिया-जगदीशपुर रोड
- जामा-जामताड़ा रोड
- देवघर-मधुपुर रोड एवं अन्य रोड


