

पटना (बिहार)

नीतीश कुमार ने आज सातवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। डिप्टी सीएम पद के लिए बीजेपी की ओर से तार किशोर प्रसाद और उपनेता रेणु देवी ने भी शपथ ग्रहण की। कांग्रेस और आरजेडी ने शपथग्रहण समारोह का बहिष्कार किया।

बिहार के राज्यपाल फागू चौहान ने नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा और सुशील मोदी सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नीतीश कुमार के अलावा एनडीए के चार घटक दलों बीजेपी, जदयू, हम पार्टी और वीआईपी के नेताओं को कैबिनेट में स्थान दिया गया है।
इसके अलावा जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौधरी ने मंत्री पद की शपथ ली है. विजेंद्र यादव और मेवालाल चौधरी ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। आपको बता दें कि जेडीयू कोटे से 5 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली है। HAM कोटे से जीतन राम मांझी के बेटे संतोष सुमन ने मंत्री पद की शपथ ली है।
VIP के कोटे से पार्टी चीफ मुकेश सहनी ने मंत्री पद की शपथ ले ली है. मुकेश सहनी सन ऑफ मल्लाह के रूप में जाने जाते हैं। वहीं दूसरी ओर बीजेपी के मंगल पांडे और अमरेंद्र प्रताप सिंह ने भी मंत्री पद की शपथ ली है।
शपथ ग्रहण समारोह में बीजेपी के दो नेताओं ने मैथिली भाषा में मंत्री पद की शपथ ली. बता दें कि बीजेपी के जीवेश मिश्रा और रामप्रीत पासवान ने मैथिली भाषा में शपथ ली है। इसके अलावा बीजेपी के राम सूरत राय ने भी मंत्री पद की शपथ ले ली है।
बता दें कि नीतीश कुमार पहली बार सात दिन के लिए सीएम बने थे। वह तीन मार्च 2000 से 10 मार्च 2000 तक मुख्यमंत्री रहे थे। इसके बाद दूसरी बार 24 नवंबर 2005 से 24 नवंबर 2010, तीसरी बार 26 नवंबर 2010 से 17 मई 2014, चौथी बार 22 फरवरी 2015 से 19 नवंबर 2015, पांचवीं बार 20 नवंबर 2015 से 26 जुलाई 2017 और छठी बार 26 जुलाई 2017 से 13 नवंबर 2020 तक मुख्यमंत्री रहें।



