
Ranchi: हजारीबाग के बड़कागांव में ईद मिलादुन्नबी के मौके पर रविवार को 11 हजार वोल्ट के तार के संपर्क में आने से मो. नियामत (35) की मौत हो गई जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए रिम्स लाया गया है। इनमें दो की स्थिति गंभीर है। मो. नियामत छवनिया गांव निवासी था।

बड़कागांव की विधायक अंबा प्रसाद ने रिम्स के ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर घायलों का हाल जाना। उन्होंने घटना को लेकर दुख व्यक्त किया। अंबा प्रसाद ने कहा कि घटना की जानकारी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को दी गई है। मृतक के परिजन को सरकारी सुविधा मिले इसके लिए प्रयासरत हूं।

रिम्स के चिकित्सा अधीक्षक डॉ हिरेन बिरुआ ने बताया कि इलेक्ट्रिक बर्न से हार्ट भी डैमेज होता है। फिलहाल ट्रामा सेंटर में तैनात डॉक्टर सभी घायलों का उपचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि घटना में दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एक घायल वेंटिलेटर पर है।



