
Madhupur (Deoghar): देवघर जिले के मधुपुर अनुमंडल क्षेत्र से बड़ी खबर है। यहां मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के करंजो निवासी 28 वर्षीय माधव तिवारी को नावाडीह पुल के समीप बदमाशों ने गोली मार दी। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना सोमवार की रात 8:00 बजे की ही बताई जाती है।

जख्मी युवक ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि वह सोमवार की रात करीब आठ बजे मारगोमुंडा से बाइक पर सवार होकर अपने घर जा रहा था। इसी बीच नावाडीह पुल के समीप सड़क किनारे एक बाइक पर दो व्यक्ति सवार था जिसने उसे रुकने को कहा, नहीं रूकने पर बदमाशों ने गोली मार दी। जिससे गोली युवक के बांह में लग गई। घटना के बाद युवक करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित आपने घर घायल अवस्था में ही पहुंच गया।

युवक को गोली लगा देख ग्रामीणों व परिजनों ने आनन-फानन में गोली लगी जगह पर कसकर गमछा बांध दिया और इलाज के लिए मधुपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले गया, जहां अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा इलाज करने से मना कर दिया। इसके बाद परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। जहां पुलिस द्वारा फर्द बयान दर्ज किए जाने के बाद गोली लगे जख्मी युवक को इलाज के लिए देवघर एम्स (Deoghar AIIMS) भेज दिया। जहां एम्स के चिकित्सकों ने घायल युवक के बांह में फंसी गोली निकाल दी है।
युवक की स्थिति बेहतर है। इधर, घटना के बाद थाना प्रभारी अनुरंजन समद सदल-बल मंगलवार को घटनास्थल पर पहुंचकर बारी-बारी से घटना से संबंधित बिंदुवार जांच में जुट गई है।


