
Deoghar: देवघर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अंतरजिला गिरोह के चार गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। इनलोंगो के पास से लगभग एक लाख मूल्य के गांजा के साथ-साथ एक लाख 27 हजार 210 रुपए नकद भी बरामद किया गया है। इन सबों की गिरफ्तारी देवघर नगर, कुंडा, देवीपुर और दुमका के सरैयाहाट थाना क्षेत्र से हुई है।

मामले को लेकर सदर एसडीपीओ पवन कुमार ने अपने कार्यकाल कक्ष में एक प्रेसवार्ता कर विशेष रूप से जानकारी दी। बताया कि देवघर एसपी सुभाषचंद्र जाट ने गांजा तस्करों पर रोक लगाने के लिए उनके नेतृत्व में एक टीम का गठन किया था। टीम में कुंडा थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, देवीपुर थाना प्रभारी धनंजय कुमार सिंह नगर थाना के एसआई संजीत कुमार, कुंडा थाना के एसआई असीम कमल टोप्पो सहित कई जवानों शामिल थे। बताया कि पहले कुंडा थाना क्षेत्र के चित्तोलोढिया दूध फैक्ट्री के निकट से मंगलानंद मंडल को 820 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। उससे जब पूछताछ के बाद देवीपुर थाना क्षेत्र के राउतडीह निवासी धनराज मंडल उर्फ छोटन को एक किलो ग्राम गांजा के साथ दबोचा गया।

नगर थाना क्षेत्र के सलौनाटांड़ निवासी दिनेश कुमार साह को एक किलो गांजा और एक लाख 27 हजार 210 रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया। तीनों से जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो बताया कि गांजा का सप्लाई उन लोंगो को दुमका जिला के सरैयाहाट थाना इलाके का रहने वाला श्रवण मंडल करता है। उसके उपरांत टीम ने सरैयाहाट थाना की मदद से श्रवण मंडल को दो किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार श्रवण मंडल ने बताया कि गांजा उसके पास बिहार से आता है। गिरफ्तार श्रवण को सरैयाहाट थाना के हवाले कर दिया गया। उन्होंने कहा कि गांजा सप्लाई की रोकथाम के लिए इस तरह की छापेमारी लगातार जारी रहेगी।


