
Ranchi: झारखंड चैंबर आफ कामर्स के संताल प्रमंडल क्षेत्रीय उपाध्यक्ष चुनाव के बाद 11 सितंबर को आये परिणाम पर संताल परगना के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के प्रत्याशी संजीत कुमार सिंह ने आपत्ति जताते हुए शिकायत दर्ज करायी है। उन्होंने चुनाव कमेटी के चेयरमैन और को- चेयरमैन को पत्र लिखा है।

संजीत कुमार सिंह ने कहा है कि 21 सदस्यों की कार्यकारिणी के साथ ही संताल परगना के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष का चुनाव हुआ है। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के चुनाव में उसी क्षेत्र के उम्मीदवार और वोटर होते हैं। देवघर से संजीत कुमार सिंह और गोड्डा से प्रीतम गाड़िया उम्मीदवार थे। मतदान समाप्ति के बाद वोटों की गिनती और परिणाम से दोनों पक्ष हतप्रभ थे। संजीत सिंह ने बताया कि चुनाव समिति के को चेयरमैन – ने करीब 7.30 बजे बताया कि चुनाव की गिनती के बाद एक साथ कार्यकारिणी और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के परिणाम घोषित किये जायेंगे। आधे घंटे बाद ही उन्होंने दोनों प्रत्याशियों को सूचित किया कि वोट टाइ हो गया है। जब एक प्रत्याशी द्वारा आपत्ति जताई गई कि यह कैसे हो गया, वोटों की गिनती कब और कैसे हो गई तो चुनाव अधिकारी ने पहले लिखित में आपत्ति देने को कहा। बाद में रिजल्ट स्थगित कर दिया गया। जबकि जानकारी प्राप्त हुई कि वोटों की संख्या 42 से ज्यादा है।

चुनाव अधिकारी व चैंबर के पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा ने बताया कि क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के लिए कुल 42 वोट पड़े। दो प्रत्याशियों प्रीतम कुमार गाड़ोदिया और संजीत कुमार सिंह को 21-21 मत मिले। मतगणना को लेकर दोनों ही प्रत्याशियों ने सवाल उठाये थे। उनकी आपत्ति को देखते हुए चुनाव समिति के पूर्व अध्यक्षों की बैठक हुई। बैठक में संथाल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष का चुनाव रद्द करने का निर्णय लिया गया। चुनाव समिति के निर्णय से दोनों प्रत्याशियों को अवगत करा दिया गया है।
इधर, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी संजीत कुमार सिंह ने चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि मतगणना में मनमानी की गई। अब क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के चुनाव का निर्णय नवनिर्वाचित समिति और चुनाव समिति की शीघ्र होनेवाली बैठक में लिया जाएगा।


