
Ranchi : झारखंड की राजनीति में उठा-पटक जारी है। कभी यूपीए विधायक बसों से पिकनिक मनाने निकल रहे तो कभी पानी में बोटिंग करते दिख रहे। अब हवाई उड़ान भरने की तैयारी की पुख्ता सूचना है। पुख्ता सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार यानी आज यूपीए के कई विधायक छत्तीसगढ़ के रायपुर जाने की तैयारी कर रहे हैं। वो भी बक़ायदा प्राइवेट प्लेन से।

पुख्ता जानकारी मिल रही कि यूपीए विधायकों के रायपुर जाने के लिए एक प्राइवेट प्लेन बुक किया गया है। प्लेन 72 सीट वाला है। ये प्लेन कोलकाता से उड़ान भर कर रांची पहुंचेगा और फिर रांची से रायपुर के लिए रवाना होगा। अगर प्लान में परिवर्तन नहीं होगा तो सारे विधायक आज देर शाम रायपुर पहुंच जायेंगे।

मिल रही सूचना के मुताबिक रायपुर में Mayfair गोल्फ रिसोर्ट में विधायकों के लिए कमरा बुक हो चुका है। रायपुर एसपी ने बकायदा डेप्यूटेशन का पत्र भी जारी कर दिया है। दर्जनों अधिकारियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। फिलहाल 31 अगस्त तक के लिए कमरा बुक कराया गया है।
इसी बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 1 सितंबर को झारखंड कैबिनेट की बैठक बुलायी है। कहा जा रहा है कि दो दिनों तक रायपुर में रहने के बाद महागठबंधन का कुनबा 1 सितंबर को रांची वापस लौटेगा। जिसके बाद शाम चार बजे कैबिनेट की बैठक होगी।
वहीं, इस बीच राज्यपाल के फैसले का इंतजार यूपीए विधायकों के साथ साथ पूरी जनता को है। बेशक, राज्यपाल का फैसला आने बाद ही उसके हिसाब से यूपीए की आगे रणनीति बनेगी।


