
Madhupur/Deoghar: जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र के सबेजोर गांव में मंगलवार को फायरिंग की घटना के बाद दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि जमीन के बदले 10 लाख रुपया रंगदारी की मांग करते हुए जान मारने की नियत से गोली चलाई गयी जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

फायरिंग की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पुलिस पहुंची। छानबीन के दौरान पुलिस ने एक खोखा बरामद किया है। घटना के संबंध में सबैजोर गांव निवासी चतुर रवानी ने पुलिस को लिखित शिकायत की है।

दिए गए आवेदन के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अचानक आसनसोल एसएस रोड पुराना हॉस्पिटल रोड निवासी शंकर सान्याल सबैजोर मौजा के दाग नंबर 255, जेबी नंबर 240 के अंशदार गांव पहुंचे। यह जमीन उनके पिता अवनी मोहन सन्याल द्वारा हम सभी भाईयों को जोत आबाद के लिए दिया गया है। वर्षों से हमारे पूर्वजों द्वारा और अब हम लोगों के द्वारा जोत आबाद किया जा रहा है। इसका लिखित कागज भी है। इस जमीन पर खलासी मोहल्ला मधुपुर निवासी अनवर खान, जमुआ महतोटांड़ निवासी मनेश्वर राय 10- 12 गुंडा किस्म के व्यक्तियों के साथ राइफल,पिस्तौल, बम से लैश होकर टाटा सूमो और डिजायर गाड़ी पर सवार होकर आए। गांव में हल्ला सुनकर चतुर रवानी भी मौके पर पहुंचे। जहाँ अनवर खान गाली गलौज करते हुए रंगदारी की मांग करने लगा। अनवर खान ने शंकर सान्याल से पूछा इसे गोली मार दे। उसने कहा हां मार दो। अनवर खान ने जान मारने की नियत से हमारे सीने पर राइफल तान दिया।
चतुर रवानी ने बताया कि मेरे भतीजा अनिल ने मुझे धक्का देकर गिरा दिया इसी बीच गोली चल गई। दहशत फैलाने के उद्देश्य उसके आदमियों ने दोबारा फायरिंग की। आरोपियों ने भतीजा अनिल रवानी के गले से चेन और दुकान का 55 सौ रुपए छीन लिया। आरोप है कि अनवर खान द्वारा पूर्व से धमकी दी जा रही थी।
वहीं, घटना की सूचना पर प्रभारी थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर मनोज कुजूर, एसआई शौकत खान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। वहां से दो लोगों आसनसोल निवासी शंकर सान्याल और जमुआ महतोटांड़ निवासी मुनेश्वर राय को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
प्रभारी थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


