
रांची:
गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राज्य के मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों पर चुटकी ली है। इसे लेकर उन्होंने ट्वीट किया है। ट्वीट कर उन्होंने लिखा है कि हेमंत सोरेन अपने साथी दल कांग्रेस से परेशान हैं। हेमंत सोरेन कांग्रेस से अब ऊब चुके हैं। वह नये साथी के साथ सरकार बनाने का जुगाड़ कर रहे हैं। इसी वजह से वह दिल्ली में जमे हुए हैं।

उन्होंने कहा है कि दिल्ली दर्शन उनका नए पार्टनर के साथ सरकार बनाने का जुगाड़ तो नहीं है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर उरांव भी पिछले दो दिनों से दिल्ली में हैं। हालांकि, पार्टी का कहना है कि रामेश्वर उरांव इलाज कराने दिल्ली गये हुए हैं।इधर, हेमंत सोरेन और रामेश्वर उरांव के दिल्ली जाने के बाद हेमंत सरकार मंत्रिमंडल में फेरबदल के साथ-साथ 12वां मंत्री बनाने की अटकलें लगायी जा रही है। साथ ही कांग्रेस में भी सांगठनिक बदलाव की चर्चा हो रही है।

रामेश्वर उरांव पार्टी प्रभारी आरपीएन सिंह, राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात कर संगठन पर चर्चा की जाने की बातें सामने आ रही है। सूत्रों के अनुसार रामेश्वर उरांव पार्टी के शीर्ष नेताओं से भी मिलेंगे।


