Ranchi: झारखंड में सियासी उठापटक के बीच शनिवार को सीएम हाउस से 3 लग्जरी बसों में विधायकों को शिफ्ट किया जा रहा है। बसों में कांग्रेस और JMM के 36 विधायक सवार हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी विधायकों के साथ बस में बैठे हुए हैं। उन्होंने विधायकों के साथ सेल्फी भी ली है।

तीनों बसों को पुलिस सुरक्षा में खूंटी के लतरातू डैम ले जाया जा रहा है। वहां एक अस्थायी रिसोर्ट बनाया गया है। रिसोर्ट के बाहर भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बस के पीछे से सीएम हेमंत सोरेन का काफिला भी चल रहा है।

विधायकों को ले जा रही बसों में गाने बज रहे हैं। विधायकों का कहना है कि हम पिकनिक मनाने जा रहे हैं। शिफ्टिंग से पहले सीएम हाउस में महागठबंधन के विधायकों की बैठक हुई। राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने कहा कि ऑपरेशन लोटस चलता रहता है। महाराष्ट्र में हुआ, दिल्ली में कोशिश हुई। बिहार में भी कोशिश की गई। कई जगहों पर इन्होंने कोशिश की, इसलिए सावधानी बरतते हुए सब इकट्ठे हैं।
झारखंड कांग्रेस ने आज रात साढ़े 8 बजे विधायक दल की बैठक बुलाई
यूपीए के सहयोगी कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पाडेंय रात लगभग आठ बजे विस्तारा की फ्लाइट से रांची पहुंच रहे हैं। रांची आने के बाद रात साढ़े आठ बजे वे कांग्रेस विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता करेंगें, जिसमें कांग्रेस के सभी विधायक मौजूद रहेंगे, ऐसे में इस कयास पर विराम लगता दिख रहा है कि कांग्रेस के विधायक रांची से बाहर की और जाएंगे।



