
Deoghar : देवघर-दुमका मुख्य मार्ग पर मोहनपुर थाना क्षेत्र के घोरमारा हाई स्कूल मोड़ के समीप बुधवार की देर शाम को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौत हो गई।

मृतक का नाम 25 वर्षीय युगल किशोर यादव है जो मोहनपुर थाना क्षेत्र के चितरपोका गांव का रहने वाला है। परिजनों ने बताया कि बुधवार कि शाम को वह मोहनपुर थाना क्षेत्र के गढ़ियारी गांव अपने ससुराल जा रहा था।

इस दौरान घोरमारा हाई स्कूल मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने उसके बाइक में जोरदार धक्का मार दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां देर रात को इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई।
इधर सदर अस्पताल प्रबंधन द्वारा इसकी जानकारी स्थानीय बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। (IANS)


