
Deoghar News : देवघर सदर अस्पताल के दक्षिणी गेट के पास देर रात स्कूटी खड़ी कर अंदर घुसे एक युवक ने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों के परिजनों के पांच मोबाइल चोरी कर लिए। घटना के बाद अस्पताल के वार्ड ब्वॉय और गार्ड की सतर्कता से आरोपित युवक को पकड़ लिया गया। उसकी स्कूटी भी बरामद कर ली गई।

बताया जाता है कि युवक सदर अस्पताल के दक्षिणी गेट के समीप अपनी स्कूटी खड़ी कर अस्पताल के अंदर गया था। इसके बाद वह अलग-अलग वार्डों में पहुंचा और वहां भर्ती मरीजों के परिजनों के मोबाइल पर हाथ साफ कर दिया। पांच मोबाइल चोरी करने के बाद उसकी गतिविधियों पर अस्पताल के वार्ड ब्वॉय और गार्ड की नजर पड़ गई। दोनों की सतर्कता से युवक को पकड़ लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पकड़े गए आरोपित युवक और बरामद स्कूटी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम आकाश कुमार बताया। उसने अपना पता नगर थाना क्षेत्र के बिलासी मोहल्ला बताया है।
जानकारी के मुताबिक आरोपित युवक के पिता बाजार में कपड़े की दुकान चलाते हैं। पूछताछ में यह बात सामने आई कि नशे का खर्च पूरा करने के लिए वह चोरी व छिनतई की घटनाओं को अंजाम देता है। समाचार लिखे जाने तक नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।



