
Deoghar: देवघर एम्स (Deoghar AIIMS) परिसर में न सिर्फ 50 हजार पौधे लगाना बल्कि उसकी लगातार देखरेख करना किसी मिसाल से कम नहीं। ये नेक कार्य करने का जज़्बा दिखाया है देवघर के पियूष जायसवाल ने। जिसको लेकर उन्हें सम्मानित किया गया है।

प्रोजेक्ट वसुंधरा के तहत देवघर एम्स परिसर में रोटरी क्लब के पब्लिक रिलेशन डायरेक्टर पीयूष जयसवाल ने विगत डेढ़ साल से 50 हजार पौधे लगाए हैं और उन पौधों को जीवित रखने के लिए उसकी देखरेख भी लगातार कर रहे हैं। जिसको लेकर देवघर एम्स प्रबंधन ने पीयूष जायसवाल को सम्मानित किया है।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एम्स परिसर में पियूष जायसवाल को सांसद निशिकांत दुबे, एम्स के कार्यकारी निदेशक डॉ सौरभ वार्ष्णेय और उप निदेशक अमरेंद्र कुमार ने सम्मानित किया। इस दौरान कार्यक्रम में दर्जनों डॉक्टर, एमबीबीएस और नर्सिंग के छात्र सहित देवघर की जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं।
एम्स के निदेशक ने कहा कि पीयूष जायसवाल के नेतृत्व में रोटरी क्लब पौधों का रखरखाव कर रहा है और जब तक वे बड़े नहीं हो जाते तब तक पौधों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ऐसे में उनकी इस मेहनत की जितनी तारीफ की जाये वो कम है।



