Deoghar/Ranchi: आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर नौ अगस्त से राज्य में चल रहे गौरव यात्रा में शिरकत करने शुक्रवार को झारखंड कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे अपने चार दिवसीय दौरे पर देवघर पहुंचे। वहां हवाई अड्डे पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष केशव महत्व कमलेश, संगठन प्रभारी रविंद्र सिंह, मणि शंकर, संजय मुन्नम सहित हजारों की संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।
गौरव पदयात्रा को संबोधित करते हुए झारखंड कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि हिंदुस्तान की आजादी की गाथा है गौरव यात्रा। गौरव यात्रा के माध्यम से युवाओं को देश का इतिहास भी बताने का काम कांग्रेस कर रही है, क्योंकि आज सत्ता के शीर्ष पर बैठे लोग हिंदुस्तान की इतिहास को बदलने का काम कर रहे हैं। आजादी कैसे और किस रूप में मिली इसका गलत प्रचार किया जा रहा है। अंग्रेजों से माफी मांग कर आज कुछ लोग राष्ट्र भक्त बन रहे हैं, दुकान खोल कर तिरंगा बेच रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि आज राष्ट्र के सामने कई महत्वपूर्ण चुनौतियां हैं, लेकिन प्रधानमंत्री को काला जादू दिख रहा है। अब देश की जनता भी 2024 में प्रधानमंत्री को एक जादू दिखाएगी और वह सत्ता से गायब हो जाएंगे।