
Madhupur : मधुपुर में लालगढ़ के धोबी टोला में मंदिर जीर्णोद्धार के दौरान हुई हिंसक घटना के बाद भाजपा की 11 सदस्यीय प्रदेशस्तरीय कमेटी ने शुक्रवार को पीड़ित परिवार से भेंट की। परिवार के सदस्यों ने डबडबाई आँखों से अपनी आपबीती सुनाई। जिसे भाजपा नेताओं ने गंभीरता से सुना और नोट किया।

बुधवार की रात और गुरुवार सुबह धोबी टोला में एक पुश्तैनी कुल देवी के मंदिर निर्माण के दौरान मारपीट व मंदिर को क्षति पहुँचाने की घटना हुई थी। इसी के मद्देनज़र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू द्वारा गठित 11 सदस्यीय जाँच कमेटी लालगढ़ पहुँची।
भाजपा की शीर्ष टीम ने किया समीक्षा

जिला अध्यक्ष सचिन रवानी के नेतृत्व में शुक्रवार दोपहर चार बजे भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, धनबाद विधायक राज सिन्हा, कोडरमा विधायक नीरा यादव, जमुआ विधायक मंजू देवी, जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुवंर, सारठ के पूर्व विधायक रणधीर सिंह, देवघर के पूर्व विधायक नारायण दास, मधुपुर विधानसभा के पूर्व भाजपा प्रत्याशी गंगा नारायण सिंह तथा सुनील पासवान के साथ पूरी टीम लालगढ़ के धोबी टोला स्थित पीड़ित परिवार से मिली। टीम ने पीड़ितों से विस्तृत जानकारी ली, घटनास्थल का जायजा लिया और जीर्णोद्धाराधीन मंदिर को भी देखा।

परिवार की दर्दभरी दास्तां
पीड़ित परिवार की महिलाओं ने टीम को बताया कि वे अपने आँगन में पुश्तैनी कुल देवी के मंदिर का जीर्णोद्धार आपसी चंदे से करवा रहे थे। बुधवार को खिचड़ी प्रसादी बनाने के दौरान अचानक कुछ लोग घर में घुस आए और “यहाँ मंदिर नहीं बनेगा” कहते हुए घर के पुरुषों, महिलाओं और बच्चों को बेरहमी से पीटा।
नेताओं ने दिलाया न्याय और सुरक्षा का भरोसा
भाजपा नेताओं ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा और न्याय भरोसा दिलाया। नेताओं ने कहा वे मंदिर निर्माण में उनके साथ हैं और पूरी पार्टी उनके साथ खड़ी है। टीम ने मधुपुर एसडीपीओ सतेंद्र प्रसाद और सारठ एसडीपीओ रंजीत लकड़ा से मिलकर घटना की एफआईआर दर्ज कराने और त्वरित कार्रवाई की मांग की।
पूर्व विधायक रणधीर सिंह ने पीड़ितों की बातें विस्तार से डायरी में नोट किया।मौके पर जिला महामंत्री अधीर चंद्र भैया, जिला उपाध्यक्ष पप्पू यादव, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष संजय यादव, अशोक गौड़ सहित जिला, नगर व प्रखंड स्तर के दर्जनों भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। कमेटी ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन देते हुए मामले की विस्तृत रिपोर्ट पार्टी मुख्यालय को भेजने की बात कही।


