Deoghar: जिले के लखनुआ गांव में एक 35 वर्षीय महिला की उसके पति द्वारा निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक रिंकी देवी को उसके पति बजरंगी पंडित ने छत से धकेलकर, पत्थर और रॉड से मारकर मंगलवार को निर्मम हत्या कर दी है।
घटना की सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनोद रवानी, इंस्पेक्टर इंचार्ज रामदयाल मुंडा घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी परिजनों से ली। मृतक के भाई रंजन पंडित ने पुलिस को बताया कि 15 वर्ष पूर्व उसकी बहन रिंकी का विवाह सारठ थाना क्षेत्र के पथरड्डा गांव निवासी बजरंगी पंडित के साथ हुई थी। शादी के बाद 2 बच्चे भी हुए। इधर बजरंगी पंडित का अपनी भाभी से अवैध संबंध को लेकर उसकी बहन रिंकी देवी विरोध करती थी। इसी बात को लेकर बजरंगी उसकी बहन के साथ हमेशा मारपीट करता रहता था। इसको लेकर पंचायती भी हुई थी।
गत 31 जुलाई को बजरंगी अपनी बाइक से रिंकी और दो बच्चों के साथ अपने ससुराल लखनुआ गांव में आकर रह रहा था। उसी क्रम में सोमवार रात करीब एक बजे बजरंगी और रिंकी झगड़ा करने लगे। उसी बीच बजरंगी पंडित ने उसकी बहन रिंकी देवी को घर की छत से ढकेल कर नीचे गिरा दिया। छत से धक्का देने के बाद भी जब उसे लगा कि उसकी मौत नहीं हुई होगी तो खुद नीचे आकर ईंट और रड से मारकर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया।
रंजन पंडित ने हत्या मामले में बहनोई बजरंगी पंडित की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया है। उधर शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।