
Godda: गोड्डा जिला मुख्यालय के पुराने समाहरणालय के सामने बी.ए-बी.कॉम चाय पकौड़े वाली की दूकान की शुरुआत की गयी है। ये शुरुआत अपने और अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए दो सगी बहनों द्वारा शुरू किया गया एक प्रयास है। हालांकि दोनों ही बहने स्नातक हैं जिनमे बड़ी बहन तो पंचायत स्वयं सेवक के रूप में कार्यरत हैं तो छोटी बहन गृहणी हैं।
आर्थिक तंगी से तंग आकर पंचायत स्वयं सेवक ने की शुरुआत

दोनों महिलाओं में से बड़ी बहन नीलम कुमारी जो पंचायत स्वयं सेवक के पद पर कार्यरत हैं। नीलम को पंचायत में बनने वाली प्रधानमंत्री आवास व स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण का जिओ टैग करना होता है जिसके एवज में प्रति टैगिंग 12 सौ रूपये बनते हैं। मगर जो भी पैसा इनका बनता वो कभी एक साल में मिलता तो कभी छह माह में। वही इनके पति विभीषण दास जो 14वें वित्त आयोग के लिए बहाल किये गए थे मगर 2020 में उनकी भी नौकरी चली गयी। इतना ही नहीं नौकरी जाने के बाद पति की सड़क दुर्घटना में एक पैर भी खराब हो गया, जिसके इलाज में तीन से चार लाख रूपये खर्च का अनुमान है। इन्ही सब कारणों से इन्होने आज गुरुवार से इस ठेले पर चाय और पकौड़े बेचने की शुरुआत कर अपने और अपने पति और तीन बच्चों की परवरिश करने की पहल की है।
नीलम की छोटी बहन भी बंटा रही हाथ

नीलम की इस पहल में इनकी छोटी बी कॉम स्नातक बहन प्रियंका ने हाथ बंटाने का फैसला लिया। प्रियंका खुद भी शादीशुदा हैं और दो बच्चे उनके भी हैं। मगर बड़ी बहन की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्होंने उनका सहयोग करने का फैसला किया है।

पहले दिन ही लगी अच्छी खासी भीड़
चाय पकौड़े के इस स्टाल के पहले दिन ही लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। इस भीड़ को देखकर नीलम व प्रियंका में आत्मविश्वास तो जागा कि काम कोई भी छोटा और बड़ा नही होता सिर्फ लगन और मेहनत की जरुरत होती है।



