
Kodarma: झारखंड के कोडरमा जिले में नाव पलटने से 8 लोगों की मौत हो गई है। मरने वाले एक ही परिवार के सदस्य थे। ये लोग घूमने के लिए पंचखेरो डैम आए थे। तभी तेज हवा और डैम के पानी में हलचल की वजह से नाव पलट गई और बड़ा हादसा हो गया। घटना मरकच्चो थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, गिरिडीह जिले के राजधनवार थाना क्षेत्र के खेतों गांव का रहने वाला परिवार पंचखेरो डैम पर घूमने आया था। घर से 9 सदस्य साथ आए थे। सभी लोग एक नाव पर सवार होकर नौकायान कर रहे थे, तभी तेज हवा और डैम के पानी में तेज हलचल के कारण नाव पलट गई और देखते ही देखते ही देखते सभी लोग पानी में डूब गए। हालांकि इस दौरान नाविक बाहर निकल आया और फरार हो गया। जबकि इस परिवार के एक सदस्य प्रदीप कुमार तैर कर बाहर निकले और उन्होंने लोगों को इस घटना की सूचना दी।

सूचना पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हुए। प्रशासन और एनडीआरफ की टीम मौके पर पहुंची।
इस घटना में प्रदीप सिंह के 17 वर्षीय पुत्र शिवम सिंह और 14 वर्षीय पलक कुमारी, 40 वर्षीय सीताराम यादव और उसके तीन बच्चे 16 वर्षीय शेजल कुमारी, 8 वर्षीय हर्षल कुमार, 5 वर्षीय बऊवा, 16 वर्षीय राहुल कुमार, 14 वर्षीय अमित कुमार की मौत हो गई।


