
Deoghar: देवघर में बाइक चोरों का हौसला बढ़ता जा रहा है। पहले तो चोरी छुपे बाइक चोरी किया करते थे। लेकिन अब तो शहरी इलाके से दिनदहाड़े बाइक की छिनतई कर ले रहे हैं। ताजा मामला सामने आया है देवघर नगर थाना क्षेत्र के देवसंघ स्कूल के पास से। जहां बाइक के पास खड़ी महिला को धक्का देकर दो बदमाश बाइक लेकर फरार हो गए।

घटना को लेकर जसीडीह थाना क्षेत्र के बड़ा धावाना निवासी रूपेश कुमार मंडल ने नगर थाना में मामला दर्ज कराया है। रुपेश ने जानकारी दी है कि वह अपने छोटे भाई राजीव कुमार मंडल की बाइक लेकर मां कौशल्या देवी के साथ कुछ काम से सारवां गया था। वहां से दिन के करीब 2.45 बजे कुंडा देवसंघ बाइपास सड़क पर देवसंघ स्कूल के करीब बाइक को खड़ी कर शौच के लिए चला गया। उसकी मां बाइक के पास ही खड़ी थी। युवक ने बाइक में चाभी लगी हुई ही छोड़ दी थी। इतने में दो बदमाश चेहरे पर मास्क लगाकर वहां पहुंचा और उसकी मां को धक्का देकर बाइक लेकर कुंडा की ओर फरार हो गया।

नगर थाना पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।


