
Deoghar News : देवघर जिले के सारठ थाना क्षेत्र के पुराना नगरो गांव निवासी 39 वर्षीय किसान पवन महतो की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार गुरुवार को दिन करीब 11:30 बजे पवन महतो अपने खेत में धान रोपने के लिए बीज उखाड़ रहे थे।

इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आसमानी बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे।

वहां पवन महतो को बेहोश अवस्था में पड़ा देखा गया। ग्रामीणों और परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए सारठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के दौरान उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल पहुंचने पर ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक अपने पीछे 11 वर्षीय पुत्र और 9 वर्षीय पुत्री को छोड़ गए हैं। परिजनों ने बताया कि पवन महतो खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


