
Shravani Mela 2022: राजकीय श्रावणी मेला, 2022 के दौरान देवतुल्य श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को लेकर देवघर उपायुक्त (Deoghar DC) मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में एनडीआरएफ (NDRF) टीम के साथ बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने 14 जुलाई से 12 अगस्त तक चलने वाले राजकीय श्रावणी मेला के दौरान बाबा मंदिर व शिवगंगा सरोवर में किए जाने वाले विभिन्न सुरक्षा बिंदुओ पर विस्तृत चर्चा करते हुए एनडीआरएफ की टीम को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया।

बैठक के दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने आगन्तुक श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए एनडीआरएफ टीम को बाबा मंदिर प्रांगण व शिवगंगा सरोवर में प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी प्रकार की आपदा स्थिति में लोगों का तुरंत बचाव किया जा सके। साथ ही एनडीआरएफ की एक मेडिकल टीम भी मंदिर में श्रद्धालुओं की सेवा में तैनात की गई हैं। आगे उपायुक्त ने एनडीआरएफ के अधिकारियों को मेला के दौरान प्रतिनियुक्त टीम के अलावा #QRT टीम बनाने का निर्देश दिया, ताकि आपात स्थिति में त्वरित निपटा जा सके।
आपदा से निपटने के लिए एनडीआरएफ की टीम रहेगी तैनात


इसके अलावे उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री द्वारा जानकारी दी गई कि राजकीय श्रावणी मेला, 2022 के अवसर पर देवतुल्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर 60 जवानों की एनडीआरएफ की टीम शिवगंगा से लेकर मंदिर क्षेत्र में किसी भी आपदा से निपटने को लेकर प्रतिनियुक्त किये गए हैं। साथ ही शिवगंगा में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ होती है और पानी गहरा होने के कारण अप्रिय घटना होने की संभावना बनी रहती है ऐसे में एनडीआरएफ की टीम 5 मोटर बोट के माध्यम से पूरे शिवगंगा सरोवर की 24×7 मॉनिटरिंग कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा में मुस्तैद रहेगी।
अत्याधुनिक उपकरण के साथ तैनात रहेगी टीम
इसके अलावे राजकीय श्रावणी मेला के दौरान तैनात एनडीआरएफ की टीम के जवानों को अत्याधुनिक उपकरणों से लैस किया गया है। टीम में 5 नई रबड़ की नौका, 70 लाइफ जैकट्स, गोताखोरों की टीम, मेडिकल किट एंव अन्य उपकरणों के साथ अपने-अपने चिन्हित स्थल पर प्रतिनियुक्त रहेंगे। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए एनडीआरएफ के चिकित्सक, पैरामेडिकल टीम, नर्सिंग अस्टिेंट को भी तैनात किया जाएगा।


