
Deoghar: 12 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) बाबा बैद्यनाथ की पावन नगरी देवघर पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री झारखंडवासियों को देवघर एयरपोर्ट (Deoghar Airport) सहित दर्जनों योजनाओं की सौगात देंगे। पीएम मोदी बाबा बैद्यनाथ मंदिर (Baba Baidyanath Temple) भी जायेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा है कि श्रावण मास से ठीक पहले बाबा बैद्यनाथ के दर्शन पूजन का सौभाग्य मिल रहा है। साथ ही देवघर एयरपोर्ट के शुरू हो जाने से श्रद्धालुओं के लिए बाबाधाम की यात्रा काफी आसान हो जाएगी।

प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीटर हैंडल के जरिये ट्वीट कर लिखा है “पवित्र श्रावण मास के शुभारंभ से ठीक पहले पावन नगरी देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में दर्शन और पूजन का सौभाग्य प्राप्त होगा। 12 जुलाई को यहां एयरपोर्ट के उद्घाटन का भी सुअवसर मिलेगा। इससे श्रद्धालुओं के लिए बाबाधाम की यात्रा और आसान होगी, साथ ही झारखंड के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।”

उन्होंने लिखा है कि “बैद्यनाथ धाम, देवघर हमारे लिए सबसे पवित्र स्थलों में से एक है। यह दुनिया भर से लोगों को आकर्षित करता है। कार्यक्रम के दौरान कल मंदिर में विकास परियोजना के कुछ घटकों का उद्घाटन किया जाएगा जिससे आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।”
प्रधानमंत्री देवघर एम्स (Deoghar AIIMS) में आईपीडी और ऑपरेशन थियटर का भी उद्घाटन करेंगे। पीएम ने ट्वीट किया “उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता के अनुरूप, एम्स, देवघर में इन-पेशेंट डिपार्टमेंट (आईपीडी) और ऑपरेशन थिएटर सेवाओं का उद्घाटन किया जाएगा।”
प्रधानमंत्री ने कहा है कि “देवघर में कल होने वाले कार्यक्रम में कई सड़क, रेल और बुनियादी कार्यों का भी शुभारंभ होगा या उनका शिलान्यास किया जाएगा। इन कार्यों से वाणिज्य और कनेक्टिविटी में वृद्धि होगी। इन कार्यों से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।”
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार की दोपहर करीब 1.15 में पहुंचेगे। देवघर एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। उसके बाद देवघर कॉलेज (Deoghar College) में विशाल जनसभा को सम्बोधित करेंगे। इस दौरान देवघर एम्स आईपीडी और ओटी उद्घाटन (Deoghar AIIMS IPD & OT Inauguration) के साथ पीएम मोदी दर्जनों योजनाओं की शुरुआत और शिलान्यास करेंगे।


