
Deoghar: एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ़ इंडिया का नवनिर्मित एयरपोर्ट देवघर 12 जुलाई से हवाई सेवा शुरू करने जा रहा है। देवघर एयरपोर्ट (Deoghar Airport) हरित हवाई अड्डा (green airport) होगा और पूरी तरह से हरित ऊर्जा (green energy) पर चलेगा। इस बात की जानकारी एएआई ने ट्वीट कर दी है।

AAI ने लिखा है “एएआई का नवनिर्मित देवघर हवाई अड्डा हरित हवाई अड्डा होगा और पूरी तरह से हरित ऊर्जा पर चलेगा। टर्मिनल बिल्डिंग में डबल इंसुलेटेड रूफिंग सिस्टम, ऊर्जा की बचत के लिए कैनोपियों का प्रावधान और एलईडी लाइटिंग जैसी विभिन्न स्थिरता विशेषताएं हैं।”

AAI ने अपने दूसरे ट्वीट में लिखा है कि ” देवघर एयरपोर्ट में लो हीट गेन ग्लेज़िंग, डबल स्किन्ड इंसुलेटेड वॉल पैनल, भूजल तालिका को रिचार्ज करने के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और लैंडस्केपिंग सुविधाओं के लिए पुनर्नवीनीकरण पानी का उपयोग भी शामिल है।”
एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ़ इंडिया के मुताबिक झारखंड का नव-निर्मित देवघर एयरपोर्ट शुरू होने के बाद दो करोड़ से अधिक लोग इसका लाभ उठा पाएंगे। देवघर के अलावा दुमका, पाकुड़, गोड्डा, गिरीडीह, धनबाद और हज़ारीबाग जिलों के साथ ही उत्तर-पश्चिमी बिहार और दक्षिण-पूर्व बंगाल जिलों के लोग भी इससे लाभान्वित होंगे।
बता दें कि 12 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देवघर एयरपोर्ट का उद्धाटन करेंगे। 12 से ही कोलकाता के लिए देवघर एयरपोर्ट से हवाई सेवा शुरू हो जाएगी।


