
Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Chief Minister Hemant Soren) के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा को ईडी की टीम ने हिरासत में ले लिया है। पंकज मिश्रा को उत्तराखंड से पकड़ा गया है। ईडी की टीम उन्हें दिल्ली लाकर पूछताछ कर रही है। ईडी की टीम शुक्रवार सुबह से उनके ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

इस दौरान भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने ट्वीट कर पंकज मिश्रा के ईडी द्वारा पूछताछ के लिए उत्तराखंड से दिल्ली ले जाने की जानकारी दी है।
करोड़ों रूपये नगद बरामद

ईडी की इस कार्रवाई को पूजा सिंघल प्रकरण से जोड़ कर देखा जा रहा है। ईडी की टीम शुक्रवार सुबह से ही मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा और उनके सहयोगियों के साहेबगंज शहर, बरहरवा, बरहेट में ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। छापेमारी के दौरान ईडी ने करोड़ों रुपये कैश बरामद किया है।
पत्थर कारोबारी हीरा भगत के कई ठिकानों पर ईडी ने छापेमारी कर लगभग तीन करोड़ रुपये कैश बरामद किया है। ईडी को ये रकम हीरा भगत के आवास से बरामद हुआ है। ईडी की कार्रवाई में पंकज मिश्रा और उनके सहयोगियों के यहां ईडी की टीम को सैकड़ों एकड़ जमीन की खरीद के 19 डीड मिले हैं। वहीं सिंह वाहिनी ट्रांसपोर्ट के मालिक डाहू यादव के यहां से ईडी को एक लोहे का लॉकर मिला है, जो दीवारों में बना हुआ है। इसे खोलने के उपाय किये जा रहे हैं। पंकज मिश्रा के करीबी सोनू सिंह के नीलकोठी पर भी सर्च जारी है।
उल्लेखनीय है कि ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पंकज मिश्रा पर बीते चार जून को केस दर्ज किया था। साहिबगंज जिले के बरहरवा में जून 2020 के टेंडर विवाद में एक केस दर्ज किया गया था, जिसे ईडी ने टेकओवर कर लिया है। इसी के तहत उन्हें आरोपित बनाया गया है। बरहरवा का यह केस शंभु नंदन कुमार उर्फ शंभु भगत ने दर्ज कराया था। उन्होंने टेंडर विवाद के मामले में बरहरवा थाने में मंत्री आलमगीर आलम और पंकज मिश्रा के इशारे पर मारपीट करने की प्राथमिकी दर्ज करायी थी लेकिन दोनों ही आरोपितों को साहिबगंज पुलिस ने क्लीन चिट दे दी थी। आईएएस पूजा सिंघल प्रकरण में भी कई बार पंकज मिश्रा का नाम सामने आया है। 11 मई को झारखंड में मनी लॉन्ड्रिंग केस में आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल को ईडी ने गिरफ्तार किया था। पूजा सिंघल फिलहाल सलाखों के पीछे हैं।


